उत्तराखंड में लागू हुई ‘विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना’, मजदूरी बढ़कर हुई 300 रुपये प्रतिदिन

देहरादून। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर शुरू की गई विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (वीबी-जी राम जी) एक जुलाई से उत्तराखंड सहित पूरे देश में लागू हो गई है। नई योजना के तहत प्रदेश के ग्रामीण श्रमिकों को बड़ी राहत देते हुए दैनिक मजदूरी में 48 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब योजना के अंतर्गत कार्य करने वाले श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी मिलेगी।

नई योजना में रोजगार की अवधि भी बढ़ाई गई है। पहले मनरेगा के तहत श्रमिकों को वर्ष में 100 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलती थी, जबकि अब वीबी-जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने वाले कार्यों के साथ-साथ जल संरक्षण और आपदा राहत से जुड़े कार्य भी इस योजना में शामिल किए गए हैं।

प्रदेश में पूर्ववर्ती मनरेगा योजना के तहत लगभग 10 लाख जॉब कार्ड जारी किए गए थे, जिनमें से 6.73 लाख जॉब कार्ड धारक वर्तमान में सक्रिय हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक 4.42 लाख लोगों ने रोजगार की मांग की थी, जिनमें से 3.52 लाख श्रमिकों को योजना के तहत काम उपलब्ध कराया गया। सरकार का मानना है कि नई योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ आजीविका और आधारभूत विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।