दिल्ली अग्निकांड में गिरफ्तार केशव नेगी के समर्थन में उतरी कांग्रेस और भाजपा, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

देहरादून। नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए अग्निकांड के मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी केशव नेगी के समर्थन में कांग्रेस और भाजपा दोनों सामने आ गई हैं। कांग्रेस नेताओं ने होटल में सेफ के रूप में कार्यरत केशव नेगी की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर निर्दोष को न्याय दिलाने की मांग की है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मालवीय नगर का अग्निकांड बेहद दुखद घटना है, लेकिन इस मामले में दिल्ली सरकार और पुलिस की कार्रवाई चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि केशव नेगी पर आग बुझाने में योगदान न देने का आरोप लगाया गया है, जबकि यह सवाल उठता है कि क्या आग बुझाना होटल के सेफ की जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि जांच का मुख्य विषय आग लगने के कारण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पड़ताल होना चाहिए, न कि निचले स्तर के कर्मचारियों को आरोपी बनाना। उन्होंने दिल्ली सरकार से हस्तक्षेप कर केशव नेगी को रिहा करने की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस मामले के बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि होटल के छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि अग्निकांड के लिए जिम्मेदार होटल प्रबंधन और अन्य बड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने और सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश-विदेश में अपनी ईमानदारी, मेहनत और संस्कारों के लिए पहचाने जाते हैं। उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है और उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष होगी तथा निर्दोष को न्याय अवश्य मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि केशव नेगी को हरसंभव कानूनी सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।