

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। देहरादून में मलबा आने, पेड़ गिरने और जलभराव की घटनाओं से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं, जबकि चमोली में भारी बारिश के कारण 21 ग्रामीण सड़कें बाधित हो गई हैं। कंचन गंगा नाले के पास मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे भी बंद हो गया है।
देहरादून जिले के सौड़ा सरोली और मालदेवता क्षेत्र में सड़कों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा। सहस्रधारा क्षेत्र में पुस्ता टूटने की सूचना मिली है, जबकि पांच से छह स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। बारिश के चलते दो मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और सालावाला क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी रही। हालांकि, कीमाड़ी मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है, जबकि सौड़ा सरोली गांव का ग्रामीण मार्ग अब भी क्षतिग्रस्त है। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत एवं बहाली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उधर, चमोली जनपद में मूसलाधार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों की 21 सड़कें बंद हो गई हैं। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और ऊंचाई वाले इलाकों में रातभर बारिश के बाद सुबह मौसम में कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह करीब पांच बजे कंचन गंगा नाले के पास मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे अवरुद्ध हो गया। प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य में जुटी हैं।
