जेई-एई भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं का सचिवालय कूच, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से जेई और एई समेत विभिन्न भर्तियों के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा सचिवालय कूच के लिए निकले। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले जुटे युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से विभिन्न भर्ती प्रक्रियाएं लंबित होने के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने मांग की कि जेई और एई सहित अन्य रिक्त पदों पर जल्द भर्ती विज्ञापन जारी किए जाएं तथा नियमित भर्ती कैलेंडर घोषित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को स्पष्ट दिशा मिल सके।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई और सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी के चलते प्रशासन भी सतर्क रहा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।