

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 (विकास शाखा) और सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 भर्ती परीक्षा का नया सिलेबस जारी कर दिया है। इस बार अभ्यर्थियों को पारंपरिक कृषि के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और डिजिटल एग्रीकल्चर जैसे आधुनिक विषयों से जुड़े प्रश्नों का भी सामना करना होगा।
आयोग के अनुसार, सिलेबस तय न होने के कारण भर्ती परीक्षा स्थगित थी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब इसे अंतिम रूप देकर जारी कर दिया गया है। आयोग जल्द ही परीक्षा की नई तिथि भी घोषित करेगा।
परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें 100 अंकों के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। सिलेबस को 10 मुख्य इकाइयों में विभाजित किया गया है। इसमें फसलों का वैज्ञानिक उत्पादन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, बागवानी, मशरूम उत्पादन, हाइड्रोपोनिक्स, मृदा स्वास्थ्य, खाद एवं उर्वरक, पादप सुरक्षा, मधुमक्खी पालन, बीज प्रौद्योगिकी, पशुपालन, कृषि अर्थशास्त्र, केसीसी, पीएम-किसान, ई-नाम मंडी, आधुनिक कृषि उपकरण, हरित ऊर्जा, सांख्यिकी, डिजिटल कृषि और कृषि में एआई के उपयोग जैसे विषय शामिल किए गए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन विषयों से संबंधित नवीनतम वैज्ञानिक प्रगति, तकनीकी बदलाव और समसामयिक सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्न भी परीक्षा का हिस्सा होंगे।
गौरतलब है कि आयोग ने पहले यह परीक्षा 26 जुलाई को प्रस्तावित की थी, लेकिन सिलेबस तय न होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब संशोधित सिलेबस जारी होने के बाद परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
