

मंगलौर। गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी के चौधरी चरण सिंह सभागार में शुक्रवार को आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी, गन्ना समिति और गन्ना विकास परिषद के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में गन्ना किसानों की आपूर्ति, तौल, पर्ची, परिवहन समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर पेराई सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने पर चर्चा हुई। समिति के अध्यक्ष प्रतिनिधि सुशील राठी ने कहा कि आगामी पेराई सत्र में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपाध्यक्ष विनोद कुमार, प्रभारी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार सैनी, सचिव प्रभारी अनन्त सिंह, उत्तम शुगर मिल के गन्ना उप महाप्रबंधक पवन जैनर, गन्ना प्रबंधक विकास चौधरी, गन्ना विकास निरीक्षक अक्षय शर्मा, अंगिरा सिंह सहित गन्ना विकास परिषद के पर्यवेक्षक, समिति कर्मचारी और चीनी मिल के सुपरवाइजर मौजूद रहे।
