देहरादून आने वाली ट्रेनों में सघन जांच अभियान, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और धूम्रपान पर जुर्माना

देहरादून। रेलवे की ओर से देहरादून आने वाली सभी ट्रेनों में सुबह से शाम सात बजे तक सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान भोजनयान, लघु भोजनयान और स्टेशनों पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। अभियान के दौरान धूम्रपान करने वाले यात्रियों पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जांच दल ने शताब्दी ट्रेन के लघु भोजनयान से टमाटर सूप का नमूना लेकर आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। इससे पहले पनीर का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया था। अधिकारियों ने यात्रियों को रेलवन एप के बारे में जानकारी दी, जिसके माध्यम से विभिन्न रेल सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अभियान में सहायक मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक हरि सिंह मीणा, सीआईटी सुहेल खान, ओएसएचआई दौलत सिंह, वाणिज्यिक निरीक्षक एसके अग्रवाल और आरपीएफ थाना प्रभारी पंकज यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।