मसूरी में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक महिला की मौत

मसूरी,
मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों की तलाश और बचाव कार्य जारी है।

जानकारी के अनुसार, सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक कार तीव्र ढलान से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना से पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से कुछ सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी का निवासी बताया था। सामान लेने के बाद जैसे ही वे वाहन में बैठे, कार ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगी और नियंत्रण खोते हुए एक खाली प्लॉट से गुजरकर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद (48 वर्ष) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली (46 वर्ष) सवार थे। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तीव्र ढलान पर वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है।

बचाव अभियान के दौरान अब तक एक महिला का शव खाई से बरामद किया जा चुका है। मौके पर थाना मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी तथा पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।