आम तोड़ने को लेकर दो भाइयों में खूनी संघर्ष, दोनों घायल होकर हायर सेंटर रेफर

विकासनगर, कोतवाली क्षेत्र के मटोगी गांव में बगीचे में आम तोड़ने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। विवाद पैतृक संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मटोगी गांव निवासी सुखपाल सिंह तोमर, जो वर्तमान में बीएसएफ में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं, छुट्टी पर अपने घर आए हुए हैं। बुधवार सुबह वह बगीचे में आम तोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई चंदन सिंह भी वहां पहुंच गए। बगीचे के स्वामित्व को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

घटना की सूचना मिलते ही डाकपत्थर चौकी प्रभारी संदीप पंवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सुखपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके बड़े भाई चंदन सिंह और भाभी पिंगला देवी ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया। घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

वहीं चंदन सिंह ने भी अपने छोटे भाई पर गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद उनकी तबीयत भी बिगड़ गई और सांस लेने में परेशानी होने पर उन्हें भी हायर सेंटर भेजा गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। मामले में शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।