दरगाह साबिर पाक के 758वें उर्स को लेकर यातायात प्लान तैयार

24 स्थानों पर बैरियर, 13 पार्किंग स्थल निर्धारित; दरगाह के एक किमी दायरे में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था का प्लान तैयार कर लिया है। उर्स के दौरान मेला क्षेत्र में यातायात सुचारु रखने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे, जबकि जायरीनों के वाहनों के लिए 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को जीरो जोन बनाया गया है। यहां वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, 23 से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अलग-अलग मार्गों से आने वाले जायरीनों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। पार्किंग भरने की स्थिति में मेहवड़ पुल के पास खाली मैदान और धनौरी लॉ कॉलेज मैदान को वैकल्पिक पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

रूट डायवर्जन भी लागू रहेगा

यातायात प्लान के तहत रुड़की नहर पटरी से कलियर की ओर आने वाले हरिद्वार जाने वाले चार पहिया और दोपहिया वाहनों को नगर पालिका पुल व सोनाली पार्क के उत्तरी किनारे से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को मेहवड़ पुल से मेहवड़ कला यू-टर्न कर कांवड़ पटरी होते हुए सोलानी पुल से हाईवे की ओर भेजा जाएगा। भगवानपुर-इमलीखेड़ा की ओर से हरिद्वार जाने वाले चार पहिया वाहनों को धनौरी होते हुए बहादराबाद भेजा जाएगा।

हरिद्वार से भगवानपुर-सहारनपुर जाने वाले वाहनों को धनौरी तिरछा पुल से इमलीखेड़ा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हरिद्वार से नहर पटरी होकर रुड़की जाने वाले वाहनों को बहादराबाद से हाईवे की ओर भेजा जाएगा। रुड़की और नगला इमरती बाईपास की ओर से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को कोर इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

जायरीनों के लिए अलग-अलग पार्किंग

कोर इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से कलियर आने वाले वाहनों के लिए रहमतपुर रोड के पास अस्थायी पार्किंग बनाई गई है। धनौरी कांवड़ नहर पटरी से आने वाले वाहनों को इमाम साहब के नीचे अजमेरी गेट पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। धनौरी रोड और पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों के लिए धनौरी इंटर कॉलेज मैदान व आसपास के खाली प्लाट निर्धारित किए गए हैं।

धनौरी पुरानी नहर पटरी और बावन दर्रा मध्य पटरी से आने वाले वाहनों के लिए नूरबीबी पार्किंग, बेड़पुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए विधायक पेट्रोल पंप से पहले खाली मैदान तथा इमलीखेड़ा-मेहवड़ रोड से आने वाले वाहनों के लिए चार मिनार होटल के नीचे पार्किंग रहेगी। रुड़की की ओर से पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों के लिए हज हाउस के सामने पक्की पार्किंग और पीएनबी के पास पार्किंग निर्धारित की गई है।

रिक्शा और तांगा के लिए साबरी नर्सिंग तांगा स्टैंड निर्धारित किया गया है। विक्रम, टेंपो और मैटाडोर को मेहवड़ पुल से बाजूहेड़ी चौराहे के रास्ते दोनों नहरों के मध्य पटरी पर डायवर्ट कर पीर गैब साहब के नीचे पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। कांवड़ नहर पटरी से आने वाले बड़े-छोटे वाहनों के लिए होटल कैनाल व्यू के पास राणा ब्रिक फील्ड में पार्किंग बनाई गई है। स्थानीय दोपहिया वाहनों के लिए कलियर चौक से सदन चौक के बीच पार्किंग निर्धारित की गई है।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों और जायरीनों से अपील की है कि उर्स के दौरान निर्धारित यातायात मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।