शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, चार हमलावरों की तलाश

शामली। शहर के बीच आर्यपुरी नाला पटरी पर कोतवाली के नजदीक बुधवार देर शाम करीब 6:45 बजे बाइक सवार चार हमलावरों ने हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान (35) की अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी। बावरिया क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी अंकित जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठे ही थे, तभी हमलावरों ने गाड़ी का गेट खोलकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अंकित के सिर, छाती और पेट में पांच गोलियां लगीं। फायरिंग में कुछ गोलियां स्कॉर्पियो के शीशे पर भी लगीं।

वारदात के बाद हमलावर 20 से अधिक राउंड फायरिंग करते हुए बाइक से फरार हो गए। गोली लगने से घायल अंकित गाड़ी से नीचे गिर गए। उनके परिचित उन्हें शामली सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिम के अंदर अंकित को किसी का फोन आया था। फोन करने वाले से उनकी तीखी बहस हुई थी। इसके बाद वह जिम से बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठ गए। इसी दौरान चार हमलावर पहुंचे और उन पर पिस्टलों से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाशने के साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे।

अंकित बालियान पिछले कुछ समय से हरियाणा के सोनीपत में रह रहे थे। करीब छह माह पहले वह शामली स्थित अपने गांव लौटकर परिवार के साथ रहने लगे थे। बताया गया है कि वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और वार्ड तीन से संभावित प्रत्याशी के पोस्टर भी लगाए गए थे।

परिजनों के अनुसार, अंकित की दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है। दोनों बहनों और अंकित की शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी खजूरीखास में शिक्षिका हैं, जबकि पिता सत्यवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद गांव में खेती करते हैं।