

प्याज 60, गोभी-शिमला मिर्च 100 और हरा धनिया 300 रुपये किलो पहुंचा
रुड़की। सब्जियों के दाम में एक बार फिर बढ़ोतरी होने से गृहणियों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। सिविल लाइंस क्षेत्र में सोमवार को कई सब्जियों के भाव में तेजी देखने को मिली। प्याज 60 रुपये किलो तक पहुंच गया, जबकि गोभी और शिमला मिर्च 100 रुपये किलो बिक रही हैं। सबसे अधिक चौंकाने वाला भाव हरे धनिये का रहा, जो 300 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
सिविल लाइंस क्षेत्र में सोमवार को आलू 20, टमाटर 40, लौकी 20, तोरी 60, खीरा 60, करेला 80, हरी मिर्च 70, अदरक 150 रुपये किलो बिका। सब्जियों के भाव में अंतर होने के कारण खरीदारी करने पहुंचे लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार बजट बनाना पड़ रहा है। मनपसंद सब्जी खरीदने के लिए लोगों को पहले की तुलना में अधिक रकम खर्च करनी पड़ रही है।
गृहणियों का कहना है कि कुछ सब्जियों के महंगे होने से घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। हालांकि आलू और टमाटर के दाम कम और स्थिर रहने से कुछ राहत है। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम और बढ़े तो इसका सीधा असर रसोई के बजट पर पड़ेगा। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों के दाम नियंत्रित रहना जरूरी है।
सब्जी विक्रेता प्रकाश यादव ने बताया कि सब्जियों के भाव मुख्य रूप से मंडी में आवक और मौसम पर निर्भर करते हैं। जिन सब्जियों की आवक कम होती है, उनके दाम तेजी से बढ़ जाते हैं। हरे धनिये समेत कुछ अन्य सब्जियों के भाव भी कम आवक के कारण बढ़े हैं। लगातार हो रही बारिश से सब्जियां खराब होने के कारण भी बाजार में आपूर्ति प्रभावित हुई है। विक्रेताओं के मुताबिक मंडी में आवक बढ़ने पर आने वाले दिनों में कुछ सब्जियों के दाम में कमी आने की उम्मीद है।
