

हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस ने साइबर क्राइम हॉटस्पॉट अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मगध साइबर गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में बैंकिंग और डिजिटल दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर 2.75 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध डिजिटल लेन-देन के सुराग मिले हैं।
35 एटीएम कार्ड और 17 सिम बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 35 एटीएम कार्ड, 14 बैंक पासबुक और 17 सिम कार्ड बरामद हुए हैं। इसके अलावा 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक चार्जर, 10 एटीएम कवर, पैन कार्ड और 37,500 रुपये की नकदी भी मिली है।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के व्हाट्सएप चैट खंगाले गए, जिनमें बैंक खातों, क्यूआर कोड और लेन-देन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।
नालंदा-नवादा से हरिद्वार तक फैला नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक जांच में बिहार के नालंदा और नवादा से लेकर हरिद्वार तक फैले साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आरोपी साइबर फ्रॉड से प्राप्त रकम को म्यूल बैंक खातों में मंगाते थे। इसके बाद रकम को यूपीआई के माध्यम से दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। वहीं कुछ रकम एटीएम के जरिये नकदी के रूप में निकाली जाती थी।
बिहार के तीन और हरिद्वार के दो आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के नालंदा और नवादा जिले के तीन आरोपी तथा हरिद्वार के दो आरोपी शामिल हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक खातों और व्हाट्सएप चैट के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही संदिग्ध लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
