सेलाकुई की दवा कंपनी में बवाल: महिला कर्मचारियों से मारपीट, मशीनों में तोड़फोड़

देहरादून। सेलाकुई स्थित ग्लोबल मेडिकिट लिमिटेड कंपनी में शनिवार को जमकर हंगामा और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ बाहरी अराजक तत्वों और कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने मिलकर कंपनी परिसर में घुसकर उत्पात मचाया। इस दौरान महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस के अनुसार, कंपनी प्रबंधक निकुंज पंवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि ग्लोबल मेडिकिट लिमिटेड की तीन इकाइयों में करीब 750 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें अधिकांश महिलाएं हैं।

शिकायत में बताया गया है कि बाहरी उपद्रवी और कंपनी के कुछ कर्मचारी जबरन तीनों परिसरों में घुस गए और वहां काम कर रही महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने कंपनी की मशीनरी, उपकरणों और तैयार उत्पादों को भी नुकसान पहुंचाया।

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद कंपनी परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।