

रुड़की। मंगलवार शाम शहर में हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे रुड़की को दहला दिया। रक्षाबंधन से कुछ दिन पहले एक भाई ने अपनी दो सगी बहनों की अलग-अलग स्थानों पर गोली मारकर हत्या कर दी। करीब 20 मिनट के भीतर हुई दो हत्याओं से शहर में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पहली बहन को ई-रिक्शा रोककर मारी गोली
पहली वारदात प्रीत विहार के पास सेक्टर रोड पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संगीता उर्फ शकुंतला ई-रिक्शा से कहीं जा रही थी। इसी दौरान आरोपी भाई वहां पहुंचा और बीच सड़क पर ई-रिक्शा रुकवाकर उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। अचानक गोली चलने से मौके पर भगदड़ मच गई और राहगीर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना फैलते ही बीएसएम तिराहा, मालवीय चौक, गणेशपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। लोग एक-दूसरे से घटना की जानकारी लेते नजर आए।

दूसरी बहन के घर पहुंचकर किया हमला
पहली वारदात के बाद आरोपी सीधे सुभाषनगर पहुंचा। यहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा घर पर मौजूद थी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर भी गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। इसी दौरान पुष्पा का पति संदीप भी बाहर आया, जिसे आरोपी ने गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। रक्षाबंधन से पहले भाई के हाथों दो बहनों की हत्या की इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
पारिवारिक विवाद की चर्चा
वारदात को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार भाई-बहनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक बहन कुछ दिन पहले पारिवारिक विवाद को लेकर कोतवाली भी पहुंची थी। हालांकि, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने किसी तरह की शिकायत मिलने से इनकार किया है।
बताया जा रहा है कि दोनों बहनों का मायका चुड़ियाला क्षेत्र में है। पुलिस के अनुसार अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। देर रात आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्याकांड के पीछे की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
