

देहरादून। चार दिनों तक गर्मी और उमस झेलने के बाद देहरादून में मौसम ने अचानक करवट ली। पहले शहर के कुछ इलाकों में हल्की रिमझिम बारिश हुई, जिसके बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई स्थानों पर जलभराव और यातायात की रफ्तार प्रभावित होती नजर आई।
मौसम विभाग ने देहरादून के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। अलर्ट के बाद शहर के कई क्षेत्रों में तेज बारिश होती रही। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। दिनभर गर्मी से परेशान लोगों ने शाम को मिली राहत का आनंद लिया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है और अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
