नंदा देवी राजजात से प्रेरित स्मृति चिह्न से पीएम मोदी का स्वागत

देहरादून : उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक उस समय देखने को मिली जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत नंदा देवी राजजात से प्रेरित विशेष स्मृति चिह्न भेंट कर किया।

यह खास स्मृति चिह्न उत्तराखंड की युवा कार्टूनिस्ट कंचन जदली (लाटी) द्वारा तैयार किया गया है। मूल रूप से कोटद्वार (पौड़ी) की रहने वाली कंचन ने बताया कि इस कलाकृति को बनाने में उन्होंने कई महीनों तक मेहनत की। इसमें पारंपरिक कला और स्थानीय संस्कृति को खूबसूरती से समाहित किया गया है, जिसमें नंदा देवी राजजात की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।

कंचन के अनुसार, नंदा देवी राजजात उत्तराखंड की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख प्रतीक है, और इस स्मृति चिह्न के माध्यम से उसी भावना को दर्शाने का प्रयास किया गया है।

✨ पहले भी पीएम को पसंद आए कंचन के कार्टून

कंचन जदली ‘लाटी’ किरदार के जरिए पहले ही चर्चा में आ चुकी हैं। उनके द्वारा बनाए गए उत्तराखंड के लोकपर्वों पर आधारित कार्टून को नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिससे उन्हें व्यापक पहचान मिली।

वह अपनी कला के माध्यम से पहाड़ी संस्कृति, लोक जीवन और हास्य को जोड़ते हुए लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

🏏 धोनी भी हुए थे प्रभावित

साल 2023 में उत्तराखंड दौरे पर आए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी कंचन की कला से प्रभावित हुए थे। वीडियो कॉल पर उन्होंने कंचन से बातचीत करते हुए उनके कार्टून की सराहना की और मजाकिया अंदाज में कहा कि “ये सभी कार्टून पार्सल कर दो, बहुत सुंदर हैं।”

धोनी ने अपने दिल्ली स्थित आवास का पता साझा करते हुए यह भी कहा था कि कंचन की पंचलाइन उन्हें गांव के दिनों की याद दिलाती हैं।

यह पूरा घटनाक्रम न केवल एक कलाकार की प्रतिभा को सम्मान देता है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का भी प्रतीक बन गया है।