

हरिद्वार/पथरी क्षेत्र में फोटो वायरल करने की धमकी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध करने पर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, वहीं बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार, झाबरी निवासी एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन की बेटी की शादी गांव में ही हुई है। आरोप है कि सराय निवासी मोहित उर्फ पीके युवती की फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। सोमवार शाम करीब आठ बजे महिला के बेटे ने इस संबंध में मोहित से सवाल किया, जिस पर उसने युवक का गिरेबान पकड़ लिया।

आरोप है कि कुछ ही देर में मोहित के साथ अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब महिला अपने बेटे को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया और लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। साथ ही अभद्रता भी की गई।
घटना के दौरान गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायल युवक को बचाया। मामले में रविंद्र कुमार (थाना प्रभारी) ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

