सहारनपुर और गौतमबुद्धनगर की घटनाओं पर ब्राह्मण समाज में आक्रोश

रुड़की। cसिविल लाइंस स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर परिसर में रुड़की के ब्राह्मण समाज की विभिन्न इकाइयों एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों घटनाओं को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।

बैठक की अध्यक्षता पुरोहित कल्याण समिति के अध्यक्ष पंडित राजकुमार कौशिक ने की। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल को देखते हुए कुछ असामाजिक तत्व जातीय तनाव फैलाकर सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेने और पुलिस की एलआईयू को सक्रिय करने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।

विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा “सर्वे भवन्तु सुखिनः” और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करता आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज को निशाना बनाकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए सहारनपुर प्रकरण में पीड़ित पुजारी पक्ष की ओर से तत्काल क्रॉस एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।

विप्र फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार भारद्वाज ने गौतमबुद्धनगर में मासूम गोपाल शर्मा की हत्या को सभ्य समाज पर कलंक बताते हुए कहा कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए।

पुरोहित कल्याण समिति के अध्यक्ष पंडित राजकुमार कौशिक ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि इसके पीछे भू-माफिया या किसी राजनीतिक साजिश की भूमिका है तो उसे भी उजागर किया जाए। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की।