डीजीपी से मिले विधायक फुरकान अहमद, कानून व्यवस्था व कांवड़ यात्रा सुरक्षा पर की चर्चा

पिरान कलियर। विधायक हाजी फुरकान अहमद और उत्तराखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात कर प्रदेश की कानून व्यवस्था, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकरों के संबंध में चर्चा की।

विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने मस्जिदों से अनावश्यक रूप से लाउडस्पीकर न हटाने और इस विषय पर संतुलित एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की भी बात कही।

प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

मुलाकात के दौरान डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।