मृतक श्रमिकों के नाम पर आर्थिक सहायता हड़पने का प्रयास, तीन के खिलाफ मुकदमा

लक्सर। श्रम विभाग में तीन मृतक श्रमिकों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर आर्थिक सहायता लेने के प्रयास का मामला सामने आया है। जांच के बाद उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, मृत्यु के बाद आश्रितों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए मेहरबान शाह, नदीम और मेनपाल, निवासी लक्सर, जिला हरिद्वार के नाम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की जांच कराई गई तो सामने आया कि तीनों की काफी समय पहले ही मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि उनके परिजनों की ओर से फर्जी दस्तावेज तैयार कर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया गया।

मृत्यु अभिलेख में नाम नहीं मिला

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ग्राम पंचायत के मृत्यु अभिलेखों में तीनों श्रमिकों के नाम दर्ज नहीं हैं। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।

उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार ने बताया कि बोर्ड के सचिव की ओर से मृतक श्रमिकों के कथित आश्रितों शहरून, अंजुम और बेबी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।

बोर्ड के सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का ने कहा कि आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए इस तरह फर्जीवाड़ा करने वाले लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से ऐसे मामलों की जांच को लेकर निगरानी जारी रखी जाएगी।