किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू रोड की बैठक

रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (रोड) की मासिक बैठक शुक्रवार को प्रशासनिक भवन में आयोजित की गई। बैठक में बारिश से फसलों को हुए नुकसान, चकबंदी विभाग की कार्यप्रणाली, बिजली विभाग की मनमानी, खेतों तक जाने वाले वाहनों के चालान और ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने समेत किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी पदम सिंह रोड ने कहा कि चकबंदी विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली से किसान लंबे समय से परेशान हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष कुंवर संजीव कुशवाहा ने कहा कि पुराने बकाये के नाम पर किसानों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोकी जानी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने से पहले किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाए।

प्रदीप त्यागी ने कहा कि बारिश से कई क्षेत्रों में फसलें खराब हुई हैं। प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए। किसानों ने खेतों तक आने-जाने के दौरान वाहनों के अनावश्यक चालान किए जाने पर भी नाराजगी जताई।

बैठक में एनएचएआई की ओर से सड़क निर्माण के कारण प्रभावित हुई जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने, गरीब किसानों के राशन कार्ड बनाने, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, अवैध वसूली रोकने, सोलर प्लांट की सब्सिडी दोबारा शुरू करने और ढंडेरा रेलवे फाटक पर स्वीकृत ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की गई। किसानों ने पर्याप्त मात्रा में यूरिया और जैविक कीटनाशक उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।

किसानों की समस्याओं को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट को ज्ञापन सौंपा गया। चौधरी पदम सिंह रोड और कुंवर संजीव कुशवाहा ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाकियू आंदोलन करेगी। बैठक में गजेंद्र चौधरी, अनुज त्यागी, विकास शर्मा, संजय मुद्रण, शहजाद करी, सुरेंद्र प्रधान, निर्मल सिंह, आलम, इरशाद प्रधान, जॉनी त्यागी, सीताराम, अनस त्यागी, कुलदीप त्यागी और कृष्ण पाल समेत अन्य किसान मौजूद रहे।