मानसून के चलते केदारनाथ हेली सेवा बंद, सितंबर में फिर होगी शुरू

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ हेली सेवा का संचालन इस वर्ष मानसून शुरू होने से पहले ही बंद कर दिया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 25 जून के बाद हेली सेवा संचालन की अनुमति नहीं दी, जिसके चलते अब यह सेवा सितंबर में मानसून समाप्त होने के बाद दोबारा शुरू की जाएगी। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने के साथ ही हेली सेवा का संचालन शुरू हुआ था। इस बार यूकाडा ने नई टेंडर प्रक्रिया के तहत आठ हेली ऑपरेटरों का चयन किया था, जिन्होंने गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से केदारनाथ के लिए सेवाएं संचालित कीं। 22 अप्रैल से 25 जून 2026 के बीच विभिन्न कंपनियों ने 11,800 से अधिक शटल उड़ानें संचालित कीं, जिनके माध्यम से 1.37 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर से बाबा केदार के दर्शन किए। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि केदारघाटी में लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर डीजीसीए ने हेली सेवा की अवधि आगे नहीं बढ़ाई है। अब मौसम सामान्य होने पर सितंबर में सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।