पाकिस्तान कनेक्शन में युवती गिरफ्तार, करोड़ों के ट्रांजेक्शन का आरोप

पिरान कलियर/हरिद्वार। कलियर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आसफनगर में बुधवार तड़के जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर एक युवती को हिरासत में लिया। युवती पर पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन में शामिल होने का आरोप है। हालांकि मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन मामला बड़े स्तर के आर्थिक लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र की पुलिस ने कुछ दिन पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने ग्राम आसफनगर निवासी युवती का नाम उजागर किया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर कोतवाली से संपर्क किया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव में छापा मारा।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान सुनिश्चित होने के बाद युवती सोनम को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। बाद में पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।

अचानक हुई इस कार्रवाई से परिजन और स्थानीय लोग हैरान रह गए। इलाके में चर्चा है कि पाकिस्तान के माध्यम से लंबे समय से बड़े पैमाने पर नकदी का ट्रांजेक्शन किया जा रहा था।

एसएचओ कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज केस से संबंधित है, इसलिए स्थानीय पुलिस ने सीमित सहयोग प्रदान किया। उन्होंने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।