


रुड़की। मदरहुड आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शालाक्य तंत्र विभाग की ओर से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ महानिदेशक प्रो. डॉ. नरेन्द्र शर्मा और प्राचार्य प्रो. डॉ. पियुष कपिल ने किया।
शिविर में करीब 150 मरीजों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नेत्र स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई। आवश्यकता अनुसार मरीजों को निःशुल्क नजर के चश्मे और औषधियां भी वितरित की गईं। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के सफल संचालन में डॉ. योगेश सिसोदिया, डॉ. आरती पंवार और डॉ. पारुल रावत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और नेत्र रोगों की समय पर पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराना है।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों के आयोजन की उम्मीद जताई।
