


पिरान कलियर। दरगाह क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस बल और दरगाह कर्मियों की संयुक्त टीम ने बाजारों, सड़कों और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया।
शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान साबरी गेस्ट हाउस, वीआईपी रोड, पीपल चौक और जीरो जोन समेत कई प्रमुख स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। टीम ने नालों के ऊपर बनाए गए अस्थायी ढांचों को भी हटाया, जिनकी वजह से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने कई दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की सख्त चेतावनी दी। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे गए।

तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने कहा कि दरगाह क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जायरीनों की सुविधा, सुचारु यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए नालों और जीरो जोन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एसएसआई देवेन्द्र सिंह तोमर, सुपरवाइजर इंतखाब आलम, असलम कुरैशी, अफजाल, लेखाकार शादाम अली, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, नीरज राणा सहित अन्य दरगाह कर्मचारी मौजूद रहे।
