उत्तराखंड में एक साल में घटे साढ़े चार लाख से अधिक मतदाता, निर्वाचन विभाग ने हटाए नाम

देहरादून उत्तराखंड में पिछले करीब एक वर्ष के दौरान मतदाताओं की संख्या में बड़ा बदलाव सामने आया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार राज्य में 4,53,459 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

एक जनवरी 2025 को प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 84,29,459 दर्ज की गई थी, जो अब घटकर 79,76,000 रह गई है। निर्वाचन विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई विशेष जांच और सत्यापन प्रक्रिया के तहत की गई है।

विभाग के मुताबिक, जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं उनमें मृत्यु हो चुके लोग, अन्य स्थानों पर विस्थापित मतदाता, डुप्लीकेट नाम और लंबे समय से अनुपस्थित पाए गए लोग शामिल हैं। पूरी प्रक्रिया के बाद ही सूची से नाम हटाए गए हैं।

बताया गया कि प्रदेश में वर्ष 2003 के बाद से चुनाव आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान नहीं चलाया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता सूची में बने रहे, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी या जो राज्य छोड़ चुके थे।

लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उत्तराखंड में कुल 84,31,101 मतदाता दर्ज थे। वहीं छह जनवरी 2025 को जारी अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या 84,29,459 बताई गई थी। अब पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की संख्या में बड़ी कमी दर्ज की गई है।