बदरीनाथ हेलिपैड विस्तार के लिए भेजा गया 1.4 करोड़ का चेक रहस्यमय तरीके से गायब

गोपेश्वर बदरीनाथ धाम में हेलिपैड विस्तार कार्य के लिए भेजा गया 1.4 करोड़ रुपये का चेक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया है। मामला सामने आने के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से यह चेक ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) गोपेश्वर कार्यालय को रजिस्ट्री डाक के माध्यम से भेजा गया था। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रजिस्ट्री आखिर किस अधिकारी या कर्मचारी ने प्राप्त की।

बदरीनाथ धाम में हेलिपैड विस्तार कार्य यूकाडा की ओर से कराया जा रहा है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी आरडब्ल्यूडी को सौंपी गई है। योजना की कुल लागत 1.68 करोड़ रुपये बताई गई है। यूकाडा ने प्रथम किस्त के रूप में 1.4 करोड़ रुपये का चेक देहरादून से रजिस्ट्री के जरिए भेजा था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब आरडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अला दीया ने निर्माण कार्य के लिए धनराशि जारी करने का अनुरोध किया। इस पर यूकाडा अधिकारियों ने बताया कि चेक पहले ही भेजा जा चुका है और विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार छह अप्रैल को उसे प्राप्त भी कर लिया गया था।

इसके बाद आरडब्ल्यूडी कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन सभी ने रजिस्ट्री प्राप्त करने से इनकार कर दिया। विभाग ने कर्मचारियों और अधिकारियों के हस्ताक्षरों का मिलान भी कराया, मगर डाक विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज हस्ताक्षर किसी से मेल नहीं खा सके।

अधिशासी अभियंता अला दीया ने बताया कि बदरीनाथ में 20 अप्रैल से हेलिपैड विस्तार कार्य शुरू हो चुका है। हेलिपैड को एमआई-17 हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के अनुरूप 30 मीटर से बढ़ाकर 45 मीटर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एचडीएफसी बैंक से चेक नंबर की जांच कराई गई है, जिसमें अब तक धनराशि निकाले जाने की पुष्टि नहीं हुई है। बैंक प्रबंधन को चेक निरस्त करने के लिए पत्र भेज दिया गया है, जबकि यूकाडा से नया चेक जारी करने का अनुरोध किया गया है।