जल संस्थान ने चिन्हित स्थानों पर कराई फिलिंग, स्थानीय लोगों ने भवनों में दरारों की भी बताई शिकायत


रुड़की, । एडीबी परियोजना के तहत निर्माण कार्यों के दौरान खोदी गई सड़कों और अन्य स्थानों पर गड्ढे व धंसाव की समस्या सामने आने लगी है। इसे देखते हुए उत्तराखंड जल संस्थान गंगा ने चिन्हित स्थानों पर गड्ढों की फिलिंग और मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एडीबी परियोजना के निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही कई स्थानों पर सड़क की सतह कमजोर होने, गड्ढे बनने और भूमि धंसने की शिकायतें सामने आती रही हैं। बारिश के दौरान इन स्थानों पर समस्या और बढ़ने की आशंका रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ जगहों पर सड़क के साथ आसपास स्थित भवनों में भी दरारें और अन्य क्षति होने की शिकायत सामने आई है। इससे लोगों में चिंता बनी हुई है।
जल संस्थान की ओर से फिलहाल चिन्हित स्थानों पर गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम शुरू कराया गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि केवल गड्ढों की फिलिंग के बजाय सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
