

देहरादून। देहरादून से कोटा के बीच चलने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस का अब देवबंद रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा। रेलवे ने ट्रेन को 11 सितंबर से प्रायोगिक तौर पर देवबंद स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही रुड़की से दौराला के बीच संचालित हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस को भी रोहाना कलां और सकौती टांडा रेलवे स्टेशनों पर नए ठहराव दिए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 12401-02 देहरादून-कोटा-देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस अब देवबंद स्टेशन पर भी रुकेगी। देहरादून से कोटा जाने वाली ट्रेन रात 12:54 बजे रुड़की पहुंचेगी और रात 1:45 बजे देवबंद पहुंचेगी। देवबंद में ट्रेन का दो मिनट का ठहराव रहेगा। वहीं, कोटा से देहरादून आने वाली ट्रेन रात 2:27 बजे देवबंद से रवाना होकर सुबह 3:04 बजे रुड़की पहुंचेगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 14303-04 दिल्ली जंक्शन-हरिद्वार-दिल्ली जंक्शन एक्सप्रेस को 11 सितंबर से रोहाना कलां और सकौती टांडा स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है। दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन रात 7:46 बजे सकौती टांडा और रात 8:23 बजे रोहाना कलां पहुंचेगी। वहीं, हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली ट्रेन दोपहर 11:34 बजे रोहाना कलां और 12:15 बजे सकौती टांडा पहुंचेगी। दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का एक-एक मिनट का ठहराव रहेगा।
