

देहरादून:
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक भाजपा नेता पर कार चढ़ाकर हत्या की कोशिश और उसके बाद अपहरण का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाने में एक मामले को लेकर उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।

आरोप के अनुसार, 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हर्ष वालिया गौतम कुंड के पास एक कैफे से लौट रहे थे। तभी पीछे से आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।
इसके बाद कार से उतरे आरोपियों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी दौरान दूसरी कार से पहुंचे अन्य युवकों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण करने का प्रयास किया।
इस बीच आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे, लेकिन वह मौका पाकर पास की दीवार फांदकर भाग निकले। घटना के दौरान उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक मकान की दीवार भी टूट गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा सहित तीन अन्य लोग शामिल थे। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार को कब्जे में लिया।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पटेल नगर थाना प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

