

हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में यूको बैंक का अधिकारी बनकर एक साइबर ठग ने व्यक्ति से बैंक और डेबिट कार्ड की जानकारी हासिल कर 1.07 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, त्रिलोक नगर, गुरुकुल कांगड़ी निवासी बालकृष्ण अरोड़ा ने शिकायत में बताया कि 18 जुलाई की शाम करीब छह बजे उन्हें एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूको बैंक की रेसकोर्स शाखा, देहरादून का अधिकारी बताया। उसने बैंक खाते से संबंधित जानकारी बताकर विश्वास में लिया और डेबिट कार्ड का विवरण हासिल कर लिया।
कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खातों से कुल 1,07,365 रुपये निकाले जाने के संदेश आने लगे। इनमें गोविंदपुरी रानीपुर मोड़ शाखा के खाते से 49,792 रुपये और 45,000 रुपये, जबकि साधुबेला मार्ग शाखा के खाते से 12,573 रुपये निकाल लिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और कनखल कोतवाली में तहरीर दी। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
