सीएम धामी ने खुद किया निरीक्षण, फुटपाथ निर्माण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।

जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड पर विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड किए जाने के दौरान फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार पहले सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया, लेकिन बाद में यूपीसीएल द्वारा उसे खोदकर अंडरग्राउंड लाइन बिछाई गई। इसके बाद मिट्टी का सही तरीके से भरान नहीं किया गया, जिससे फुटपाथ की टाइल्स धंस गईं और लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर अपने मोबाइल से ही अधिकारियों को वीडियो कॉल के माध्यम से फुटपाथ की वास्तविक स्थिति दिखाई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय के बिना इस तरह की समस्याएं बार-बार सामने आती हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अंडरग्राउंड लाइन होने के बावजूद कई स्थानों पर बिजली की तारें ऊपर दिखाई दे रही हैं, जो आम जनता के लिए खतरा बन सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य योजनाबद्ध तरीके से किए जाएं।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देशित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार की शिकायतें मिल रही हैं तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। इसके लिए पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।