

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर-पोस्टर और राखी लिए महिलाएं न्याय मार्च में शामिल हुईं। कांग्रेस ने मामले में न्याय, सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और चर्चित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने लाने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथीबड़कला से मुख्यमंत्री आवास की ओर न्याय मार्च निकालते हुए कूच करने पहुंचे। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की जांच को लेकर सवाल उठाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद महिला कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पास ही धरने पर बैठ गईं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठती रहेगी। उन्होंने सीबीआई जांच की प्रगति को सार्वजनिक करने के साथ वीआईपी प्रकरण से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बैरिकेडिंग पर रोकने को लेकर स्थिति बनी रही।
