

हरिद्वार। विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से 3.45 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने युवक के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी भी बना दी। रानीपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिवालिक नगर निवासी अंशुल राणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मित्र अभिषेक के माध्यम से उसकी पहचान हरजोथ सिंह बेदी से हुई थी। अभिषेक ने बताया था कि हरजोथ विदेश में नौकरी लगवाता है और वह समेत करीब छह अन्य लोग भी उसके माध्यम से विदेश में नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं।
आरोप है कि हरजोथ ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अंशुल के पंजाब नेशनल बैंक खाते से कुल 4.50 लाख रुपये अपने एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद अंशुल ने जब बार-बार रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने केवल 1.05 लाख रुपये लौटाए, जबकि शेष 3.45 लाख रुपये वापस नहीं किए।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने अंशुल के नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। रानीपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और लेनदेन, बैंक खातों तथा फर्जी सोशल मीडिया आईडी से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
