

बुग्गावाला। गंगनहर में मासूम बच्ची के साथ महिला द्वारा छलांग लगाने की घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद वजह बनकर सामने आ रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पति अपनी बीमार मां से मिलने देहरादून जाना चाहता था, जबकि पत्नी मायके छोड़ने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में बड़े हादसे में बदल गई।
पुलिस के अनुसार अर्जुन (35) निवासी कोटा मुरादनगर, थाना कलियर, अपनी पत्नी सविता (30), एक वर्षीय बेटी नोनी और चार वर्षीय पुत्र नक्श के साथ बाइक से अपनी ससुराल गांव रायपुर दरेड़ा जा रहा था। जब परिवार दौलतपुर के पास पहुंचा, तभी रास्ते में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि कहासुनी बढ़ने पर सविता ने अर्जुन से मोटरसाइकिल रोकने के लिए कहा। जैसे ही मोटरसाइकिल रुकी, सविता ने अपनी एक वर्षीय बेटी नोनी को गोद में उठाया और देखते ही देखते गंगनहर में छलांग लगा दी।
घटना को देखकर पति अर्जुन और पुत्र नक्श शोर मचाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और महिला व बच्ची की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया।
क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लगातार गंगनहर में महिला और बच्ची की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
