उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह (26) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी भरी पोस्ट प्रसारित करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी से संबंधित पोस्ट वायरल हुई थी, जिससे आमजन में भय और दहशत का माहौल बन गया। मामले में कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 353 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान की और 28 जून को उसे कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े वीडियो देखने के बाद उसने लोगों में भय फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।