


रुद्रप्रयाग: Kedarnath Temple क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम खराब होने से हेली सेवाओं पर असर पड़ा। घना कोहरा और धुंध छाने के कारण दो हेलीकॉप्टरों को एहतियातन अगस्त्यमुनि हेलीपैड पर आकस्मिक लैंडिंग करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सेरसी की ओर जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर सहस्रधारा से फाटा के लिए उड़ान पर था। गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम होने के चलते दोनों पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अगस्त्यमुनि मैदान स्थित हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग का फैसला लिया।

हेली सेवा के नोडल अधिकारी Rahul Chaube ने बताया कि केदार घाटी में मौसम खराब होने के कारण दोनों हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उन्होंने बताया कि मौसम साफ होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने अगस्त्यमुनि हेलीपैड से दोबारा उड़ान भरकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।
घटना में सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित बताए गए हैं।
