देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में बदलाव की तैयारी की है। इस बार पार्टी टिकट के दावेदारों के बीच मतदान कराकर उनकी लोकप्रियता और संगठन में स्वीकार्यता का आकलन करेगी। मतदान के नतीजों और जमीनी फीडबैक के आधार पर प्रत्येक विधानसभा से तीन संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
पार्टी ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के तहत सबसे पहले प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। ये सदस्य संबंधित क्षेत्रों में प्रवास कर रहे हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा आम जनता से मुलाकात कर दावेदारों के बारे में फीडबैक जुटा रहे हैं। इसके आधार पर भी संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार की जाएगी।
वहीं, टिकट चयन के लिए दूसरे चरण में मतदान की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मतपेटियां पहुंचाई जाएंगी। तीन सदस्यीय समिति की निगरानी में दावेदारों के पक्ष में मतदान कराया जाएगा। इस प्रक्रिया में जिला, मंडल और बूथ स्तर तक के संगठनात्मक पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। वे अपनी पसंद के दावेदार के पक्ष में मत डाल सकेंगे।
मतदान के बाद प्रत्येक विधानसभा से सबसे अधिक समर्थन पाने वाले तीन दावेदारों को पैनल में शामिल किया जाएगा। इस प्रक्रिया से उन दावेदारों की स्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी, जिन्हें संगठन के भीतर कम या बिल्कुल समर्थन नहीं मिला है।
प्रदेश प्रभारी राम माधव के नेतृत्व में पार्टी की टीम मतदान के परिणामों के आधार पर शीर्ष तीन दावेदारों का पैनल तैयार करेगी। इसके बाद इस सूची का मिलान कोर कमेटी के सदस्यों की ओर से जुटाए गए फीडबैक और तैयार किए गए पैनल से किया जाएगा। दोनों प्रक्रियाओं के निष्कर्षों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक विधानसभा के लिए तीन नामों का अंतिम पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
राजनीतिक हलकों में इस नई चयन प्रक्रिया को संगठन के भीतर दावेदारों की स्वीकार्यता परखने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी इस व्यवस्था के जरिए प्रत्याशी चयन में संगठनात्मक सहमति बनाने और टिकट घोषित होने के बाद संभावित असंतोष को कम करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर ही लिया जाएगा।
