सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज, आरोपी की पोस्ट हटवाई

दलित समाज और डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप; 48 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ पोस्ट करने, दलित समाज की भावनाओं को आहत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में बसंत विहार थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की सोशल मीडिया पोस्ट हटवाने की कार्रवाई भी की है।

बसंत विहार थाने के एसओ अमित शर्मा ने बताया कि व्योमप्रस्थ, कांवली निवासी अमन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि भूपेश जोशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार दलित समाज और डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। शिकायत में देश के संविधान को जलाने की धमकी देने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य एवं तनाव पैदा करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को मामले से संबंधित स्क्रीनशॉट और वीडियो साक्ष्य भी सौंपे हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो भीम आर्मी आंदोलन करेगी।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

एसओ अमित शर्मा के अनुसार, भूपेश जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1)(ए), 351(2), 352 और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।