

कम वेतन, समय पर भुगतान नहीं होने और पांच माह से पीएफ जमा न होने का आरोप; डॉक्टर से कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओटी इमरजेंसी बिल्डिंग में तैनात सफाई कर्मचारी शनिवार सुबह काम बंद कर हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने इमरजेंसी के बाहर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान एक वरिष्ठ डॉक्टर से पुलिस बुलाने की बात को लेकर उनकी कहासुनी भी हो गई।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पहले से ही कम वेतन दिया जा रहा है। इसके अलावा वेतन का भुगतान समय पर नहीं किया जाता। कर्मचारियों ने दावा किया कि पिछले पांच माह से उनके वेतन से पीएफ की कटौती नहीं की जा रही है और पीएफ की धनराशि जमा भी नहीं कराई गई है।
अधिकारियों ने दिए भुगतान के निर्देश
मामले की जानकारी मिलने पर दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन और चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने संबंधित एजेंसी जोड़ी अजमेरा के सुपरवाइजरों को कर्मचारियों का वेतन समय पर देने के निर्देश दिए। साथ ही, पीएफ की धनराशि तत्काल जमा कराने को कहा गया है। कर्मचारियों की मांगों और हड़ताल के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
