हरिद्वार में कैंसर के इलाज को मिलेगी नई तकनीक की सुविधा, लीनियर एक्सीलरेटर और पेट सिटी मशीन का लोकार्पण

होप एडवांस कैंसर केयर अस्पताल में शुरू हुई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, स्थानीय स्तर पर जांच और उपचार का मिलेगा लाभ

हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित होप एडवांस कैंसर केयर अस्पताल में नई तकनीक से लैस लीनियर एक्सीलरेटर और पेट सिटी (PET-CT) मशीन का लोकार्पण किया गया। मुख्य सचिव विनय शंकर पांडे ने दोनों चिकित्सा उपकरणों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिन जांचों के लिए मरीजों को पहले दूसरे प्रदेशों और शहरों का रुख करना पड़ता था, उनकी सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि परिवार में किसी सदस्य, परिचित या रिश्तेदार को कैंसर होने पर पूरा परिवार मानसिक रूप से प्रभावित होता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर अत्याधुनिक जांच और उपचार की सुविधा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सहूलियत मिलेगी।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. रवींद्र पुरी ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का नाम सुनते ही व्यक्ति घबरा जाता है। उन्होंने कहा कि सही उपचार और उचित चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से बीमारियों से उबरने की दिशा में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।