आत्मरक्षा शिविर में 57 छात्राओं ने सीखा तायक्वांडो, 20 का विशेष प्रशिक्षण के लिए चयन

रुड़की। इनर व्हील क्लब स्पार्कल्स की ओर से मेथोडिस्ट इंटर कॉलेज में 11वीं और 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। पांच सितंबर से शुरू हुए शिविर में करीब 57 छात्राओं ने तायक्वांडो का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण तायक्वांडो मास्टर विपिन चौधरी ने दिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली 20 छात्राओं का अकादमी में विशेष प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी ओशीन जोशी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के साथ शिक्षा और खेल में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। क्लब अध्यक्ष स्तुति गोयल ने बताया कि चयनित अंशिका, रानी राज और प्रियांशी राज्य स्तरीय खिलाड़ी हैं। तीनों का दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय जूडो-कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। क्लब की ओर से उन्हें आगे की ट्रेनिंग और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान खिलाड़ियों को जूते भी भेंट किए गए। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा एम. कुमार को सहयोग के लिए सम्मानित किया गया और सभी छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में जोनल क्लब कोऑर्डिनेटर सीमा जैन, उपाध्यक्ष सीमा भाटिया, सचिव चांदनी मांगलिक, कोषाध्यक्ष स्वीटी अग्रवाल सहित क्लब की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।