

रुड़की। पॉलिटेक्निक खेल मैदान में शुक्रवार को विधायक चैंपियंस ट्रॉफी प्रतियोगिता का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुड़की के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख राव लुबना रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल ने की। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि विधायक चैंपियंस ट्रॉफी का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। ब्लॉक प्रमुख राव लुबना ने कहा कि खेल के क्षेत्र में यह शताब्दी भारत की है और पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ जैसे आयोजन सरकार की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को खेल आयोजनों से जोड़कर युवाओं के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं को रूढ़ियों से बाहर निकलकर खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया। खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राव लुबना की सक्रिय भागीदारी को महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
