उत्तराखंड के 100 प्रमुख ट्रेक रूट्स की होगी GPS/GIS मैपिंग, सीएम धामी ने अभियान दल को किया रवाना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड के 100 प्रमुख ट्रेक एवं हाइक रूट्स की GPS/GIS मैपिंग और तकनीकी सर्वेक्षण के लिए अभियान दल को फ्लैग ऑफ किया। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से गठित टीमें चयनित ट्रेक रूट्स का स्थलीय सर्वेक्षण कर विस्तृत मैपिंग तैयार करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में साहसिक और ट्रेकिंग पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। दूरस्थ और कम प्रसिद्ध ट्रेक रूट्स को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग जरूरी है।

वैज्ञानिक मैपिंग से ट्रेकिंग अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी तथा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के साथ हिमालयी पारिस्थितिकी के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। परियोजना से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए गाइडिंग, होमस्टे और अन्य पर्यटन गतिविधियों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।