अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा लंढौरा मंडल अध्यक्ष अशोक पांडेय पदमुक्त

रुड़की। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने लंढौरा मंडल अध्यक्ष अशोक पांडेय को पार्टी पद से मुक्त कर दिया है। उन पर पार्टी में अनुशासनहीनता बरतने का आरोप लगाया गया है। जिलाध्यक्ष की ओर से जारी पत्र के अनुसार, पदमुक्त करने से पहले अशोक पांडेय को स्पष्टीकरण पत्र और अंतिम नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद पार्टी स्तर पर कार्रवाई की गई।

अशोक पांडेय को पद से हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर पहले वायरल हुए एक कथित ऑडियो को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऑडियो में संगठन में पद देने के नाम पर जिलाध्यक्ष कार्यालय में एसी लगवाने की बात किए जाने का दावा किया गया था और इसमें अशोक पांडेय का नाम भी लिया गया था। हालांकि, उस समय ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी। कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे कथित ऑडियो से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ अन्य इसे अलग घटनाक्रम बता रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने स्पष्ट किया कि अशोक पांडेय को पद से हटाने का वायरल ऑडियो से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम के लोग भी अशोक पांडेय के कामकाज से संतुष्ट नहीं थे। जिलाध्यक्ष के अनुसार, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी की ओर से भी अशोक पांडेय को पद से हटाने के संबंध में पत्र दिए गए थे। इसके बाद पार्टी स्तर पर कार्रवाई की गई।