

सुल्तानपुर। निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी एक महिला ने अपने पति पर उसकी सहमति के बिना एक अन्य महिला को घर में रखने और उसका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला ने ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर भी मामले में सहयोग करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने सीओ लक्सर को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पति ने एक हिंदू महिला को अपने साथ घर में रखा हुआ है। आरोप है कि उक्त महिला का नाम बदलकर शबनूर रखा गया है और उसका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़िता का कहना है कि इस मामले में उसके पति के परिवार के अन्य लोग भी सहयोग कर रहे हैं। उसने बताया कि 10 सितंबर को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से सुल्तानपुर पुलिस चौकी को शिकायत भेजी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 14 सितंबर को सीओ लक्सर को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
