सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, फ्रंट और साइड शीशे तोड़े

रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बीती रात सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने वाहन का फ्रंट शीशा और चालक पक्ष के दोनों शीशे तोड़ दिए। घटना के समय स्कॉर्पियो में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। वारदात की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो स्वामी ने अपना वाहन सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ा किया था और एक दोस्त की कार से देहरादून के लिए रवाना हो गए थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनकी स्कॉर्पियो को निशाना बना लिया। कुछ देर बाद वाहन स्वामी को फोन के माध्यम से गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुरानी रंजिश की आशंका

घटना को लेकर पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वाहन को जिस तरह से निशाना बनाया गया, उससे कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावरों का मकसद केवल वाहन में तोड़फोड़ करना था या गाड़ी स्वामी को डराने अथवा किसी अन्य वजह से निशाना बनाया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों और उनके वाहन की पहचान की जा सके। वाहन स्वामी की ओर से तहरीर दिए जाने की बात कही गई है।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।