देहरादून में देर रात तेज बारिश से दो दुकानें और मकान ढहे, मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात हुई तेज बारिश के बाद सोमवार सुबह बंजारावाला-चांचक चौक के समीप करगी ग्रांट स्थित मुस्लिम बस्ती के बिस्मिल्लाह चौक में दो दुकानें और एक मकान ढह गए। मकान और दुकानों के ढहने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घरों और दुकानों में रखा सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

मानसून फिर सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

राज्य में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में कई स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भी भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।