एचआईवी स्थिति सार्वजनिक करने और 20 लाख रुपये मांगने के आरोपों की जांच अब सेलाकुई थाना करेगा

देहरादून। एचआईवी स्थिति सार्वजनिक कर सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने, तलाक के एवज में 20 लाख रुपये मांगने और संपत्ति के दस्तावेज अपने साथ ले जाने के आरोपों से जुड़े मामले की विवेचना अब सेलाकुई थाना पुलिस करेगी। मामला क्षेत्राधिकार के आधार पर प्रेमनगर कोतवाली से सेलाकुई थाने को स्थानांतरित किया गया है।

जानकारी के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर पहले प्रेमनगर कोतवाली में पीड़ित की पत्नी, ससुर और साली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। चूंकि कथित घटनाएं सेलाकुई थाना क्षेत्र की थीं, इसलिए मामले की जांच अब आधिकारिक रूप से सेलाकुई पुलिस को सौंप दी गई है।

सेलाकुई निवासी पीड़ित का आरोप है कि पारिवारिक विवाद के बाद उसकी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों ने उसकी एचआईवी स्थिति रिश्तेदारों, परिचितों और उसके रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों को बता दी। इससे उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा और उसका व्यवसाय भी प्रभावित होकर बंद हो गया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने तलाक के बदले 20 लाख रुपये की मांग की, मकान की पंजीकृत रजिस्ट्री अपने साथ ले गए तथा एक अज्ञात व्यक्ति से फोन के माध्यम से धमकी भी दिलाई।

सेलाकुई थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि मामले की पत्रावली प्राप्त हो चुकी है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि फिलहाल ये सभी आरोप जांच के दायरे में हैं और उनकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।